तालाब में उतराता मिला युवक का शव
खूदेपुर गांव का मामला, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
तरबगंज । तरबगंज थाना क्षेत्र के खूदेपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव उतराता हुआ पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तरबगंज थाना क्षेत्र के खूदेपुर गाँव के मजरा कहारन पुरवा निवासी जसवन्तकला के मुताबिक उसका पति राजेश कुमार कश्यप (38) शुक्रवार को सुबह घर से निकला था। जसवंतकला ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे गांव के बाहर तालाब में राजेश का शव मिलने की सूचना मिली। वह भागकर तालाब पर गई तो देखा कि उसके पति का शव पानी में उतरा रहा है। राजेश का शव देखकर वह बदहवाश हो गई और उसके परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने इस हादसे की सूचना तरबगंज पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।