करनैलगंज इलाके में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। रविवार को डेंगू से पीड़ित सकरौर ग्रामीण निवासी अशोक सिंह की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें पहले करनैलगंज से गोंडा तो बाद में गोंडा से लखनऊ रेफर कर दिया गया। जबकि इसी मोहल्ले में नौ अन्य लोग भी डेंगू बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं।
मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम बाकी मरीजों का ब्लड सैंपल लेकर उनकी जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. पीएन राय का कहना है कि अभी जांच रिपोर्ट नहीं मिली है, इसलिए मरीज डेंगू से ही पीड़ित हैं या फिर किसी और बुखार से नहीं बता सकते।
गौरतलब है कि नगर पालिका करनैलगंज के साथ ही तहसील के कई गांव में लोग इन दिनों तरह-तरह के बुखार से पीड़ित हैं। बीते दिनों डेंगू पीड़ित करनैलंगज के दो लोगों की मौत भी लखनऊ में हो चुकी है। जबकि सैकड़ों की संख्या में लोग वायरल, दिमागी, टायफाइड व मलेरिया बुखार से बीमार होकर इलाज करा रहे हैं।
नगर के गांधीनगर मोहल्ले में सैकड़ों की संख्या में लोग बीमार हैं। वहीं रविवार को सकरौर ग्रामीण निवासी अशोक सिंह की हालत एकदम से खराब हो जाने पर जब उनके ब्लड सैंपल की जांच कराई गई तो उसमें उन्हें डेंगू बुखार होना पाया गया।
अशोक को पहले सीएचसी से गोंडा के लिए रेफर किया गया, जहां से बाद में लखनऊ भेज दिया गया। जबकि उनके अलावा मोहल्ले में रहने वाले अशोक पुरवार, सौरभ रस्तोगी, रोमी कौशल, महेश मिश्र, रूपा मोदनवाल, वंदना सोनी, दिलीप सोनी, सतपाल सिंह व मो. असंारी भी डेंगू से पीड़ित बताए जा रहे हैं।
हालांकि सीएचसी करनैलगंज के अधीक्षक डॉ. पीएन राय ने इसकी कोई पुष्टि अभी तक नहीं की है। उनका कहना है कि मोहल्ले में एलटी भेजकर सभी के ब्लड सैंपल चेक कराए जा रहे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद ही वह कुछ बता पाएंगे। फिलहाल के लिए मोहल्ले में कीटनाशक छिड़काव के अलावा लोगों में दवाईयां बांटी जा रही हैं।