बक्सरा आज्ञाराम गांव में एक पागल कुत्ते ने दो दिन में तीन मवेशी व 10 बच्चों को काट कर घायल कर दिया। उसी कुत्ते के काटने से सोमवार को एक बच्चे को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कुत्ते को पीट-पीट कर मार डाला।
बताया जाता है कि बक्सरा आज्ञाराम गांव में पिछले दो दिनों में एक पागल कुत्ते ने कई मासूम बच्चों को काट कर घायल कर दिया, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। सोमवार को नंदन पांडेय के चार वर्षीय बेटे को कुत्ते ने काट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसे सीएचसी मनकापुर में भर्ती कराया गया।
वहीं, ज्योति (13), आरती (9) पुत्री रायमुनी, प्रियांसी (4) पुत्री हरिहर, भोला (4) पुत्र राम नगीना, माधुरी (10) पुत्री लाल चंद्र, गीता (15) पुत्री पहलवान आदि 10 बच्चों सहित एक गाय, भैंस व बछिया को भी काट कर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने कुत्ते को पीट पीट कर मार डाला।