शहर के बंधवा स्थित एक विद्यालय में रोजगार अधिकार सम्मेलन में बोलते जेएनयू छात्र संघ से पूर्व अध्?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व आइसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन साईं बालाजी ने कहा कि युवाओं के पास रोजगार होगा तभी देश तरक्की करेगा। देश की संपत्ति को अडानी, अंबानी को बेचा जा रहा है। जो भी इसके खिलाफ आवाज उठा रहा है उसे मोदी विरोधी कहा जा रहा है। शहर के बंधवा स्थित एक स्कूल के परिसर में शनिवार को आयोजित रोजगार अधिकार सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बेरोजगारों की फौज गुजरात, मुंबई जैसे औद्योगिक शहरों में रोजगार के लिए पलायन कर रही है। मई में लॉकडाउन के दौरान 35 लाख लोगों का रोजगार छिना और एक करोड़ लोग बेरोजगार हो गए। अंबानी-अडानीकरण होगा तो नौजवानों के भविष्य को नुकसान होगा। विदेशी कंपनियों ने कृषि कानून आने से पहले गोदाम बना लिया है। तेल महंगा होने पर तर्क दिया जा रहा है कि तेल की क्वालिटी बढ़ गई है। कहा कि युवाओं की जेब में पैसा होगा तभी खर्च करेंगे नहीं तो उनका काम कैसे चलेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने का वादा करके सत्ता में आई योगी सरकार चार लाख रोजगार देने का ढिंढोरा पीटकर आंकड़ों में उलझा रही है। युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार नहीं तो उन्हें बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। खाली पदों पर तत्काल नियुक्ति करते हुए और बंद कल-कारखानों को नहीं खोला गया तो सड़कों पर आंदोलन होगा। उन्होंने नौ सितंबर को वाराणसी में आयोजित युवा अधिकार राज्य सम्मेलन को कामयाब बनाने का आह्वान किया। इंकलाबी नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि योगी सरकार हर मोर्चे पर फेल है। देश की आधी आबादी बेरोजगार रहेगी तो देश कैसे विश्व गुरु बनेगा। रोजगार के सवाल को 2022 के चुनाव में एजेंडा बनाएंगे। सम्मेलन में योगेंद्र प्रताप भारती, मनोज सिंह कुशवाहा, आलोक कुमार, रोहित, देवेंद्र यादव, किशन वनवासी, लालजी वनवासी, सुमन, अरविंद कुशवाहा, धनंजय गौतम, जिलेश्वर भारती, कन्हैया, राशिद अंसारी, प्रदीप रावत एवं सोनू ने विचार व्यक्त किया।