गहमर। कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय गांव स्थित मठिया घाट पर शुक्रवार की सुबह स्नान कर रहा चालक गंगा में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।
स्थानीय गांव निवासी पप्पू राजभर (40) ट्रैक्टर चलाकर परिवार का जीविकापार्जन करता था। सुबह टीकाराय पट्टी निवासी एक वृद्ध का निधन हो गया था। ग्रामीणों के साथ वह भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए श्मशान घाट गया था। इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ मठिया घाट पर स्नान करने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। यह देख ग्रामीण शोर मचाने के साथ उसे बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन सफल नहीं हो पाए। देखते ही देखते पप्पू राजभर पानी में समा गया। इधर आवाज सुनकर ग्रामीणों की घटना स्थल पर भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका है। घाट पर पहुंचे परिवार के लोग रोने- बिलखने लगे। पत्नी मनसा देवी बिलखने से चीख- पुकार मच गई। इस संबंध में कोतवाल अशोक मिश्रा ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है।