गाजीपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र के महुलियां गांव के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर बृहस्पतिवार को सड़क पार कर रहे करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी।
हादसे में युवक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने से काफी रक्तस्राव हुआ। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भाग गया। पुलिस ने घायल को सैदपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष रामसजन यादव ने बताया कि देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को जिला मुख्यालय स्थित मोर्च्युरी भेज दिया गया है। डंपर की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।