सुहवल। थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में स्थित देशी शराब के ठेका पर बृहस्पतिवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने शराब में विषाक्त पदार्थ मिलाकर पी लिया। हालत बिगड़ने पर लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिवार के लोग आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर हुई है।
सुहवल गांव में स्थित देशी शराब के ठेका पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे रेवतीपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी बालेश्वर यादव का पुत्र कविंद्र यादव (30) ने किसी कारणवश शराब में विषाक्त पदार्थ मिलाकर पी लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। वहां मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन वाहन से उसे जिला चिकित्सालय ले गए। जहां युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में परिजनों से पूछने पर वह कुछ भी कहने से बचते रहे। उन्होंने कहा कि यह घटना किन परिस्थितियों में कैसे हुई, नहीं मालूम। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसी किसी घटना की न तो किसी ने सूचना दी है और न ही तहरीर। अगर सूचना या तहरीर मिली तो मामले की छानबीन शुरू की जाएगी।