बारा। गहमर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे 124 - सी पर बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों में एक युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों व पुलिस के सहयोग से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। मृतक की पहचान गहमर कोतवाली के गहमर गांव के टिकाराय पट्टी निवासी प्रेम सिंह के पुत्र गोलू सिंह (24) के रूप में हुई है। जबकि दोनों घायल युवक भी गहमर के टिकाराय निवासी विशाल सिंह (22) पुत्र रामदेव सिंह व अरविंद सिंह (23) पुत्र अरुण सिंह के रूप में हुई। तीनों युवक भदौरा की तरफ से बाइक पर सवार होकर अपने गांव गहमर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक खुदरा मोड़ से पहले शिव मंदिर के पास पहुंची थी कि सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गोलू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि विशाल सिंह और अरविंद सिंह घायल हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक और घायलों के परिजन सहित ग्रामीणों भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो - रोकर बुरा हाल हो रहा था।