सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के मगरखाई गांव में शनिवार को एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई।
मगरखाई गांव के प्रधान अनिल यादव का चचेरा भाई संदीप यादव (26) दोपहर एक बजे के अपने खेत से घर लौट रहा था। इसी बीच विद्युत खंभे से नीचे टूटकर गिरे तार की चपेट में आने से करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। जब-तक ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचते युवक की मौत हो गई थी। इधर घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचकर रोने-बिलखने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि संदीप गांव पर ही रह कर खेती का कार्य करता था। बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई बार जर्जर तार के बारे में सूचना दी गई थी, लेकिन उनकी इस लापरवाही और अनदेखी के कारण ही युवक की जान चली गई। विभाग के खिलाफ लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इधर परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में कोतवाल त्रिवेणीलाल सेन बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।