पति रामपति यादव की मौत के बाद सआदतपुर गांव में रोती-बिलखती रनीता देवी को संभालती महिलाएं। संवाद
जंगीपुर थाना क्षेत्र के सआदतपुर (सोहबतिया) गांव में बुधवार को खेत की जोताई के लिए जा रहे एक युवक की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई रामाधार सिंह यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका छोटा भाई रामपति यादव (35) पुत्र सीरी यादव बुधवार दोपहर खेत की जोताई कराने जा रहा था। खेत के पास बिजली का तार नीचे लटका हुआ था, जिससे ट्रैक्टर के निकलने में दिक्कत हो रही थी। रास्ता साफ करने के उद्देश्य से रामपति ने तार को हाथ से उठाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल निजी वाहन से गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रामपति यादव चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। परिवार में पत्नी रनीता देवी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जंगीपुर थाना प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के बड़े भाई की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पति रामपति यादव की मौत के बाद सआदतपुर गांव में रोती-बिलखती रनीता देवी को संभालती महिलाएं। संवाद