करंडा। जिले में रविवार की रात आई आंधी और वर्षा से थाना क्षेत्र के जमुआंव गांव में झोपड़ी गिरने से युवक की मौत हो गई। इकलौते पुत्र की मौत से परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में सन्नाटा छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जमुआंव (बेरासों) निवासी दीपक मिश्रा (20) अपने दोस्तों के साथ घूम रहा था। इसी दौरान तेज हवा के साथ पानी बरसने लगा। बारिश से बचने के लिए दीपक मिश्रा अपने मित्रों के साथ गांव के एक झोपड़ी में चला गया। तेज आंधी से छप्पर के गिरने लगा तो सभी युवक बाहर भागे, लेकिन दीपक मिश्रा बाहर नहीं निकल सका और झोपड़ी के मलबे में दबकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजन और गांव के लोग रोते- बिलखते घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। किसी तरह झोपड़ी के मलबे को हटाकर युवक के शव को बाहर निकाला। इधर, इकलौते पुत्र का शव देख परिवार के लोग दहाड़े मारकर रोने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का परिवार बहुत गरीब है। पिता अनूप मिश्रा खेती करके किसी तरह परिवार का जीवन यापन करते हैं। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रशांत चौधरी ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा घटना की सूचना दी गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।