गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ बच्चों में उत्साहवर्द्धन के उद्देश्य से पठन-पाठन में निपुण बच्चों के नाम स्कूल की दीवारों पर अंकित कराए जाएंगे। नए शिक्षा सत्र से बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग ने यह निर्णय लिया है। इसके अलावा छात्रों को महापुरुषों, भारतीय वैज्ञानिकों की सरल रूप से पहचान कराने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत दीवारों पर चित्र उकेरे जाएंगे।
जिले में 2269 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 1468 प्राथमिक विद्यालय, 352 उच्च प्राथमिक और 449 कंपोजिट विद्यालय हैं। इसमें लगभग तीन लाख छात्र अध्ययनरत हैं। निपुण बच्चों को परखने के लिए डायट से नियुक्त डीएलएड प्रशिक्षुओं की ओर से जनवरी-फरवरी माह में हर विद्यालय में जाकर कक्षा-एक, दो और तीन के दस-दस छात्रों का निपुण एसेसमेंट टेस्ट किया गया था। निपुण एसेसमेंट टेस्ट में पास बच्चों का उत्साहवर्धन और बच्चों में प्रतिस्पर्धा विकसित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने नई पहल की है। अब स्कूल की दीवारों पर निपुण बच्चों के नाम के साथ-साथ अधिक से अधिक ज्ञानवर्धक सामग्री जैसे, गणित, विज्ञान आदि से संबंधित निशान या सूत्र की पेंटिंग भी तैयार कराई जाएगी। निपुण मिशन योजना के अंतर्गत प्राथमिक स्तर के कक्षा-एक, दो, तीन के बच्चों को भाषा, गणित आदि विषयों में निपुण बनाया जा रहा है। इसके तहत निपुण छात्रों के नाम दीवारों में अंकित होने पर अन्य छात्र भी प्रेरित होंगे।
प्रत्येक शिक्षक संकुल के विद्यालयों को जुलाई तक निपुण बनाने के लिए सभी शिक्षक संकुलों का संवेदीकरण किया गया है। इससे ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राएं निपुण हो सकें। - हेमंत राव, बेसिक शिक्षाधिकारी