देवली गांव में टॉवर पर चढ़ा युवक(लाल घेरे में)। संवाद
कासिमाबाद। करीब एक वर्ष पूर्व पंचायत में तय हुई तीन क्विंटल सरिया का मूल्य नहीं मिलने से नाराज देवली गांव निवासी युवक शनिवार को गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। खाते में तीन क्विंटल सरिया का मूल्य 18 हजार आने की जानकारी होने पर दो घंटे बाद युवक टावर से नीचे उतरा। कोतवाल राज नारायण ने बताया कि ग्राम प्रधान हीरामणि चौहान ने जानकारी दी कि गांव का ही संतोष गोंड़ गांव स्थित एक मोबाइल के टावर पर चढ़ गया है। वह अपने सगे भाई और चचेरे भाई पर पंचायत में तय हुई सरिया का दाम मांग रहा है।
प्रधान ने बताया कि संतोष गोंड़ एक वर्ष पूर्व तीन क्विंटल सरिया अपने सगे भाई चंदन को दिया था। उसके सगे भाई चंदन की माली हालत खराब होने के कारण तय समय पर सरिया वापस नहीं कर पाया। इसको लेकर गांव के लोगों के साथ एक वर्ष पूर्व पंचायत हुई थी, जिसमें उसका चचेरा भाई राजनाथ गोंड़ बीच में पड़ते हुए जिम्मेदारी लिया कि अगर चंदन समय से सरिया का पैसा नहीं देता है तो मैं दूंगा। पैसा वापस करने की तिथि 26 फरवरी को तय की गई थी। तय तिथि के अनुसार जब पैसा नहीं मिला है तो वह कई बार चचेरे भाई राजनाथ से संतोष ने मांगा, लेकिन पैसा नहीं मिला। इस पर वह नाराज होकर टावर पर चढ़ गया और अपने पैसे की मांग करने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ग्राम प्रधान हीरामणि चौहान और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद तय हुआ कि तीन क्विंटल सरिया का दाम 18 हजार रुपये उसके खाते में डाल गया है। खाते में पैसा जाने के बाद संतोष मोबाइल टावर से उतर गया।