गहमर। कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव में दो भाईयों ने एक युवक पर फावड़े और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शनिवार को घायल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय ने बताया कि करहिया गांव निवासी आलोक कुमार उर्फ किसन ने तहरीर देकर बताया कि 11 नवंबर की दोपहर दो बजे घर के पास चचेरे भाई कमलेश राम के दरवाजे के पास बैठा था। इसी दौरान गांव के नीरज राजभर और भोदू राजभर हाथ में कुल्हाड़ी और फावड़ा लेकर आए और जातिसूचक शब्दों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर दोनों भाई आग बबूला हो गए। फावड़ा व कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए घर में भागकर गया। घर में भी घुसकर मारने पीटने लगे। चीख-पुकार सुनकर परिजन व आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर जान बचाई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया की मामले में मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है।