नोनहरा थाना क्षेत्र के बोर्सिया गांव स्थित एक निजी अस्पताल के सामने गाजीपुर- मुहम्मदाबाद मार्ग पर रविवार की देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर के टक्कर से बाइक सवार युवक और उसके फु फेरे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इधर परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस आरोपी चालक को चिह्नित करने में जुटी हुई है।
डाडेवन गांव निवासी गोविंद बिंद (23) अपने फुफेरे भाई मुहम्मदाबाद कोतवाली के बहादीपुर गांव निवासी जंगली बिंद (25) के साथ बाइक से किसी काम से देर शाम गाजीपुर जा रहा था। बोर्सिया गांव स्थित एक निजी अस्पताल के सामने तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में धक्का मार दिया। आवाज सुनकर जब-तक आस-पास के लोग मौके पर पहुंचते चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ दोनों भाई सड़क पर लहूलुहान अचेत अवस्था में सड़क पर गिरे हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाई। जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। इधर परिवार के लोग भी रोते- बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शव को सुरक्षित मर्चरी हाउस में रखवा दिया।
दूसरे दिन सोमवार को परिजनों द्वारा तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्जकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नोनहरा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक गोविंद बिंद के बड़े भाई इंदल बिंद की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।