कोतवाली क्षेत्र के रजागंज चौकी अंतर्गत हमीद सेतु से शनिवार को एक अज्ञात युवक के नदी में छलांग लगा दी। इसकी सूचना पर रजागंज और सुहवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नदी में युवक की काफी तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं चल सका था।
राहगीरों ने बताया कि एक युवक सेतु पर काफी देर से खड़ा था। वह नदी के नीचे देख रहा था, इस पर लोगों की नजर पड़ी तो लोगों ने उसे ऐसा करने से मना किया। लोगों ने बताया कि उसके बाद युवक वहां से कुछ दूर हट गया। इसके तुरंत बाद लोग कुछ समझ पाते कि उसने अपनी चप्पल निकाल नदी में छलांग लगा दिया। लोगों ने बताया कि वह कुछ देर तक तो खुद को बचाने के लिए हाथ हिलाकर इशारा करता रहा लेकिन अगले ही पल वह गहरे पानी में लापता हो गया। घटना की जानकारी होते ही सेतु से गुजर रहे बाइक, साइकिल एवं पैदल राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका था। भीड़ के कारण सेतु पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लगने से जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। करीब घंटे भर तक वाहनों के पहिए थमे रहे। इस दौरान वहां पहुंची पुलिस ने किसी तरह जाम समाप्त कराकर आवागमन सुचारु कराया।