खानपुर थाना क्षेत्र के डढ़वल गांव में सोमवार की देर शाम संतोष बांसफोर (34) ने विषाक्त पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस के मुताबिक संतोष का तीन दिन पहले किसी बात को लेकर पत्नि मंशा से झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद पत्नि युवक को छोड़कर कहीं चली गई थी। इसे लेकर वह हमेशा क्षुब्ध रहता था। देर शाम जब घर पर कोई नहीं था। युवक ने कीटनाशक पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। जहर का असर इतना तेज था कि कुछ ही देर में युवक के प्राण पखेरू उड़ गए। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले गांव के कुछ लोग युवक के दाह संस्कार की तैयारी में लग गए लेकिन इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। इसके आधार पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।