थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव स्थित मातृ शिशु कल्याण केंद्र परिसर में मंगलवार की देर रात एक कार्यक्रम के दौरान करेंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। परिवार के लोग बिना पुलिस को सूचना दिए शव लेकर घर चले गए।आजमगढ़ के बैलकंठा निवासी कृष्णानंद मिश्रा की पत्नी निर्मला मिश्रा नरसतपुर मातृ शिशु कल्याण केंद्र पर एएनएम के पद पर कार्यरत हैं। उनके साथ उनका पुत्र शैलेंद्र मिश्रा (25) भी रहता था। रात में शेलेंद्र के पुत्र का जन्मदिन का कार्यक्रम था।
कार्यक्रम समाप्त होने पर देर रात बिजली आई तो शेलेंद्र जनरेटर को बंद करने के बाद बिजली जलाने के लिए तार प्लग में लगा रहा था। इसी दौरान वह करेंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जन्मदिन की खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गई। घटना के बाद परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। रोने की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए और बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए।
निर्मला ने घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी। परिवार के लोग मातृ शिशु कल्याण केंद्र पर पहुंचे। निर्मला से घटना के संबंध में जानकारी लिया। पुलिस को घटना की सूचना दिए बिना ही परिवार के लोग शेलेंद्र का शव लेकर घर चले गए।