कोरोना महामारी के चलते पिछले तीन वर्षों से बंद पड़े खेल आयोजन करमपुर गांव के मेघबरन सिंह स्टेडियम में पुन: शुरू होने वाले हैं। आगामी बसंत पंचमी यानी 26 जनवरी को इसका आगाज अखिल भारतीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता से होगा।
मेघबरन स्टेडियम के प्रबंधक व पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने बताया कि हॉकी के अलावा कुश्ती, स्टेडियम के संस्थापक और उनके अग्रज स्व. तेजबहादुर सिंह का काफी पसंदीदा खेल रहा है। अत: स्टेडियम के अखाड़े में प्रशिक्षु पहलवानों के प्रशिक्षण के अलावा बसंत पंचमी पर विराट दंगल का आयोजन वह प्रत्येक वर्ष कराते रहे हैं। जिसे कोरोना प्रोटोकाल के तहत बीते तीन वर्षों से रोक दिया गया था।
इस वर्ष बसंत पंचमी पर आयोजित होने वाले दंगल प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ठाकुर तेज बहादुर सिंह कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र के 13 गुणे 13 मीटर के लंबे चौड़े मिट्टी के अखाड़े पर पूर्वांचल के सभी जिलों के अलावा दिल्ली, पंजाब व हरियाणा के नामी गिरामी पहलवान प्रतिभाग करेंगे।
जिसे देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ेगी। इसके अलावा आगामी 4 फरवरी से अखिल भारतीय हाकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जो दस फरवरी तक चलेगा। जिसमें देश की लगभग तीन दर्जन नामी गिरामी हाकी टीमें प्रतिभाग करेंगी।