सुहवल क्षेत्र के गरूआ मकसूदपुर स्थित डिग्री कालेज के खेल मैदान में शिवशक्ति स्पोर्टिंग क्लब पिपरा की ओर से जिलास्तरीय 20-20 क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित है। शुक्रवार की शाम खेले गए इस पहले और उद्घाटन मुकाबले में मेदिनीपुर ने देवा बैरनपुर को 15 रनों से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि और युवा समाजसेवी भगीरथपुर के प्रधान प्रतिनिधि राकेश सिंह यादव ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही फीता काटकर किया। पहले टॉस जीतकर देवा बैरनपुर ने फिल्डिंग करने का निर्णय लिया। वहीं बल्लेबाजी करने उतरी मेदिनीपुर की टीम ने बीस ओवरों में नौ विकेट पर 120 रनों का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवा बैरनपुर की टीम मात्र 12 ओवरों में ही 105 रन बनाकर आल आउट हो गई। मेदिनीपुर की ओर से सनी सिंह ने सर्वाधिक बीस रन बनाए जबकि रोशन सिंह ने बारह रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं देवा वैरनपुर की टीम की ओर से राजदीप ने 22 रन, जबकि सचिन ने दो विकेट लिए। इस अवसर पर सत्यप्रकाश, विपुल, चंद्रहास, भरत, पवन, शिवकुमार, अनुराग, राम अवध, बेचू, सोबिन, सत्यनारायन आदि मौजूद रहे।