या देवी सर्वभूतेषु मातृ रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:। चैत्र नवरात्र की शुरुआत बुधवार से होगी। लगातार नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना की धूम मची रहेगी। नवरात्र के पहले दिन शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। एक तरफ जहां घरों में कलश की स्थापना होगी वहीं अधिकांश देवी के भक्त व्रत भी रखेंगे। लगातार नौ दिनों तक घरों और मंदिरों में पूजन-अर्चन का क्रम चलता रहेगा।
नवरात्र को लेकर भक्तों में काफी उत्साह दिखाई दिया। पूर्व संध्या पर श्रद्धालुओं ने कलश सहित पूजा से संबंधित अन्य सामग्रियों की खरीदारी की। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिर पर आज भक्तों का तांता लगेगा। मां के दरबार में मत्था टेककर भक्त मां से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
इस मौके पर अधिकांश लोग व्रत भी रखेंगे। कई भक्त ऐसे भी होंगे, जो पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर मां की आराधना करेंगे। नवरात्र के मौके पर गहमर स्थित मां कामाख्या धाम पर नौ दिनों तक मेला लगता है। इस धाम में जिले सहित अन्य जनपदों के लोग भी मां का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचते हैं।
पूरे नवरात्र भर हवन-पूजन का कार्य होता है। इस अवसर पर कई लोग मुंडन संस्कार का कार्यक्रम भी संपन्न कराते हैं। भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर से जुड़े लोगों की तरफ से व्यवस्था की गई है।