दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के करकटपुर गांव में रविवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर मृतका का पति घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। इस बाबत थानाध्यक्ष रामनिवास का कहना है कि मामला विषाक्त पदार्थ के सेवन का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के करकटपुर गांव निवासी रिंकू देवी (35) पत्नी अशोक वनवासी की रहस्यमय परिस्थितियों में शनिवार की रात्रि में मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया गया है कि रोज की तरह रिंकू अपने पति के साथ बागीचे से लकड़ी लेकर घर पंहुची। दोनों ने साथ मिलकर खाना बनाया। फिर बच्चों को खाना खिलाने के बाद खुद खाना खाकर कमरे में सो गई। रविवार की सुबह अशोक पत्नी को जगाने लगा लेकिन उसके प्राण पखेरू उड़ गए थे। पत्नी को मृत देख अशोक घर से डर से भाग गया। पड़ोस के रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के बाबत आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता रामाधार, मां सुहागिनी देवी निवासी मनिया थाना भांवरकोल रो-रोकर बेहाल थे। इस संबंध में मृतका के पिता ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी है। मृतका अपने पीछे तीन पुत्री एवं दो पुत्र छोड़ गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामनिवास ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त खाने जैसा लग रहा है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही सही खुलासा होगा।