गाजीपुर। रेलवे प्रशासन की ओर से रेल यात्रियों को बड़ी सौगात दी गई है। सिटी रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर चार व पांच अब लिफ्ट की सुविधा से लैस होगा। रेलवे प्रशासन से इसकी मंजूरी मिल गई है। लिफ्ट लगाने में 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इससे पांच हजार यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक, दो व तीन पर पहले से ही लिफ्ट की सुविधा मौजूद है।
लेकिन प्लेटफॉर्म नंबर चार व पांच पर लिफ्ट नहीं थी। इसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। यात्री फुट ओवरब्रिज के सहारे प्लेटफॉर्म नंबर चार व पांच पर पहुंचते थे। इसके कारण बीमार व बुजुर्ग यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
यात्रियों की इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से 2025 में प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। प्रस्ताव को मंजूर करते हुए बजट जारी किया गया।
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म चार व पांच पर लिफ्ट लगाने के लिए फाउंडेशन निर्माण की कवायद के तहत खोदाई करके गड्ढा किया जा रहा है। गड्ढे में यात्री गिरकर चोटिल न होने पाए। इसके लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। रेलवे प्रशासन का दावा है कि छह महीने के अंदर सिटी रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म चार व पांच लिफ्ट की सुविधा से लैस होगा।