जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की तरफ से टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में 20-21 नवंबर को आयोजित खेल प्रतियोगिता में सिधौना गांव की दो बालिकाओं ने बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता। इस दौरान सिधौना की आंचल कुमारी अंडर-18 वर्ग में शाट पुट (गोला फेंक) में 4.38 मीटर गोला फेंककर रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा सौ मीटर की दौड़ में भी आंचल ने रजत और दो सौ मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसीक्रम में महाबोधि प्रशिक्षण केंद्र सिधौना की दूसरी होनहार अमृता ने छह सौ मीटर दौड़ और लांग जंप में स्वर्ण पदक हासिल कर अन्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। दोनों होनहार अपने गांव की मलिन बस्ती में अपने स्कूल टीचर पुष्पेंद्र की देखरेख में खेलकूद का प्रशिक्षण ले रही हैं। पुष्पेंद्र ने बताया कि दोनों खिलाड़ी अगले वर्ष फरवरी महीने में मेरठ में आयोजित प्रादेशिक प्रतियोगिता में भाग लेने जाएंगी।