गाजीपुर। सैदपुर क्षेत्र के ताजपुर मोलना गांव में सरकारी उचित दर की दुकान के चयन को लेकर गांव की महिलाओं ने एकपक्षीय कार्यवाही व अनियमितता का आरोप लगाया है। साथ ही तहसील में शनिवार को धरना प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक एसडीएम ज्योति चौरसिया को सौंपा।
गांव के नसीरुद्दीनपुर मौजा निवासिनी निशा पत्नी कमलेश राजभर सुखदेव बाबा स्वयं सहायता समूह की सचिव हैं। तहसील में हुए धरने के नेतृत्व करते हुए निशा ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सहायता समूह की सचिव हैं और उनका समूह उचित दर दुकान के आवंटन के लिए निर्धारित मानक व अर्हताएं पूरी करता है। वहीं उन्होंने एक अन्य स्वयं सहायता समूह की पात्रता पर सवाल उठाते हुए कई बिंदुओं का उल्लेख किया है। आरोप लगाया कि 20 अगस्त को बिना किसी पूर्व सूचना के ग्राम पंचायत भवन में खुली बैठक आयोजित करने की प्रक्रिया की गई। कहा कि अंतिम समय में जानकारी मिलने पर मैं अपने समूह के रजिस्टर और अन्य दस्तावेज लेकर मौके पर पहुंचीं और कथित अनियमितताओं का विरोध किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने, नियमानुसार सूचना देकर बैठक आयोजित करने तथा योग्य समूह और प्रत्याशी के पक्ष में जनता के माध्यम से चयन कराकर दुकान आवंटित करने की मांग की है। इस मौके पर नीलम, सरोज, निशा, मधुबाला, संतरा, आरती, नीतू, मीरा आदि मौजूद रहीं।