अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पंचायत के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रमाण पत्र ?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। महिलाएं शक्तिशाली और संपन्न बनें। कोई ऐसा क्षेत्र अछूता न रहे जहां वह न पहुंच सकें। इसके लिए सभी को कार्य करने की आवश्यकता है। यह उद्गार राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत सभागार में आयोजि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज का दिन महिलाओं को सम्मान, स्वावलंबी एवं सुरक्षा प्रदान करने का संकल्प लेने का दिन है। हर क्षेत्र में महिलाओं कोे शक्तिशाली बनना है। हर क्षेत्र में अपना परचम लहराएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में परिवार एवं समाज में संस्कार देने का कार्य करें तभी हमारा परिवार, समाज एवं राष्ट्र समृद्ध होगा। उन्होंने राइफल क्लब परिसर में संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के अन्तर्गत 50 छात्रों को साइकिलें बांटीं। पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति से बहुत बडा बदलाव महिलाओं के सुरक्षा, सम्मान स्वावलंबन की दिशा में आया है। सदर विधायक डा. संगीता बलवंत ने कहा कि महिलाएं समाज को प्रेरित करती हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मिशन शक्ति के तहत कार्य करने वाले सभी विभागों के कार्यों एवं प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में जमानिया की विधायक सुनीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता आदि उपस्थित थे। इससे पहले लखनऊ में आयोजित प्रदेश के मुख्यमंत्री के संबोधन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केंद्र के सुभाष प्रसाद ने किया।