करंडा। थाना क्षेत्र के बयेपुर पुरैना घाट पर शनिवार को स्नान करते समय महिला डूब गई। साथ नहाने आई अन्य महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ घटना स्थल पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी रही।
गांव निवासी तीजा देवी (48) आस-पास की महिलाओं के साथ गंगा स्नान के लिए गई थी। महिलाएं बयेपुर पुरैना घाट स्थित कटान रोकने के लिए बने जीयो ट्यूब के पास नहा रही थी। इसी दौरान तीजा देवी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चल गई। उसे डूबता देख अन्य महिलाएं शोर मचाने लगी। आस-पास मौजूद ग्रामीण जब-तक घटना स्थल पर पहुंचते महिला डूब चुकी थी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन रोते-बिलखते घाट पर पहुंच गए। इधर ग्रामीण भी घाट पर डटे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। परिजनों के घाट पर रोने-बिलखने से वहां मौजूद लोग उन्हें सांत्वना देकर शांत कराने में जुटे हुए थे। महिला के डूबने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद नाव और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश में जुट गई। थानाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश की जा रही है।