मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन टीकाकरण के बाद मौत का आरोप लगाने लगे। सूचना मिलते ही सीएचसी के अधीक्षक डा. आशीष राय के नेतृत्व में टीम पहुंची और घटना की जानकारी ली। इधर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुल्तानपुर गांव निवासी लालमती देवी (62) पत्नी रामबचन प्रधान अपने गांव से कोरोना का टीका लगवाने मुहम्मदाबाद ट्रामा सेंटर पर सुबह 11 बजे पहुंची थी। जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें कोरोना का प्रथम डोज कोविशिल्ड लगाया। टीका लगने के बाद वह घर के लिए रवाना हुई। घर पहुंचने के करीब के बाद दोपहर करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर घर पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों में टीका को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगी। वहीं परिजन लालू प्रधान एवं संतोष प्रधान ने बताया कि मृतका पहले से किसी भी गंभीर बीमारी से ग्रसित नहीं थी। टीका लगने के बाद अचानक उनकी मौत ने सब को झकझोंर कर रख दिया है। इधर टीकाकरण के बाद मौत की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. आशीष राय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घटना की जानकारी ली। इस संबंध में अधीक्षक डा. आशीष राय ने बताया कि काफी दिनों से कोविड का टीकाकरण हो रहा है। इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। टीका लगने के बाद महिला की मौत किन कारणों से हुई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। प्रभारी निरीक्षक रामकवल यादव ने भी मृतक के घर पहुंच कर जानकारी ली। साथ ही उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।