नगर कोतवाली क्षेत्र के बीकापुर गांव स्थित एक मकान में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतका के पास दवा पड़ी मिली। लेकिन पुलिस का कहना है कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मिलने के बाद ही पता चल पाएगी।
बीकापुर गांव में मीरा राय (55) मकान में अकेले रहती थीं। सुबह काफी देर तक उनके मकान से कोई हलचल न सुनाई दी तो अगल-बगल के लोग दरवाजा खटखटाने लगे, लेकिन मकान से कोई आवाज नहीं सुनाई दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मुख्य गेट में अंदर से लगे ताले को तोड़कर जब प्रवेश की तो महिला अपने कमरे में मृत पड़ी थी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ आस-पास के लोगों से जानकारी लेने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सीओ सिटी गौरव कुमार ने बताया कि सुबह कोई व्यक्ति गेट खटखटाने गया तो कोई आवाज नहीं आई और मुख्य गेट में अंदर से ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर जब पुलिस अंदर पहुंची तो वह मृत पड़ी थी। परिजनों को सूचना दी गई। मृतका के परिवार के सदस्यों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। प्रथम दृष्टया मृतका के सिर के पास दवा रखी हुई थी, शायद बीमार होंगी।