सर्ववेद मंदिर में ली गई फोटो में बच्चों के साथ मृतका सोफिया। स्रोत- परिजन
खानपुर। वाराणसी के स्वरवेद मंदिर उमरहा के पास शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में खानपुर के उचौरी बाजार निवासी एक महिला की मौत हो गई थी। वह पति और तीन बच्चों के साथ उमरहा गईं थीं। रविवार को वाराणसी से पोस्टमार्टम के बाद शव उचौरी पहुंचा। उचौरी बाजार निवासी आजाद दर्जी ने बताया कि वह शाम करीब 4.30 बजे पत्नी सोफिया (30) और तीनों बच्चों के साथ बाइक से सर्ववेद मंदिर उमरहा गए थे। पार्किंग से बाहर निकलते समय पीछे से आ रही बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सोफिया सड़क पर गिर गईं और बोलेरो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पति आजाद दर्जी का रो-रोकर बुरा हाल था। पीड़ित की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद