कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बहराइच गांव में शुक्रवार को एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर की चहारदीवारी में प्रवाहित हो रही करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बहराइच गांव निवासी जितेंद्र प्रजापति की पत्नी अनीता देवी (30) गांव के दक्षिणी छोर पर बकरी चरा रही थी। बकरी चराते हुए अनिता देवी पास के एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर की चहारदीवारी के पास चली गई। बाउंड्री पर लोहे का तार लगा हुआ है। अनिता देवी अचानक टावर की तार वाली बाउंड्री से सट गई। इससे करेंट की चपेट में आने से अनीता देवी गंभीर रूप झुलस गई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। अनिता देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद पहुंचाया गया। जहां अनीता की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचकर उनकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के द्वारा तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।