घाट स्टेशन पर ट्रक की टक्कर से महिला की मौत के बाद मुआवजा की मांग को लेकर गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के घाट स्टेशन के पास रविवार को ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रक को चालक को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई के साथ ही ट्रक में भी तोड़-फोड़ की। मुआवजा की मांग को लेकर लेकर गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ने लोगों को आश्वासन देकर डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने शव के साथ ही चालक को हिरासत में लिया।
मालूम हो कि बिंदवलिया गांव निवासी जगदीश की पत्नी राजमति देवी (60) किसी कार्यवश पैदल घाट स्टेशन की तरफ जा रही थी। इसी दौरान शाम को करीब पौने पांच बजे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दिया। गंभीर रूप से घायल होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भागने लगा। इस पर लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के साथ ही ट्रक के अगले हिस्से में तोड़-फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी होते ही परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए और शव से लिपटकर चीख-पुकार करने लगे। आक्रोशित लोगों ने मुआवजा की मांग को लेकर शाम को करीब पांच बजे गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम लगते ही मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। जानकारी होते ही रजागंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और जाम समाप्त करने के लिए कहने लगी, लेकिन लोग मौके पर सक्षम अधिकारी को बुलाने की जिद पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला और सीओ महिपाल पाठक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मुआवजा के लिए संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। इस पर लोगों ने डेढ़ घंटा बाद साढ़े छह बजे जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक चालक भी हिरासत में है। मृतक के परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।