प्राचीन रामलीला कमेटी महाहर धाम की ओर से हर साल रामलीला का आयोजन होता है। इस साल 25 सितंबर से रामलीला शुरू होकर दशहरे तक चलेगी। लेकिन रामलीला मैदान की ओर जाने वाली सड़क का हाल देखकर अच्छे-अच्छे लोग परेशान हैं। सड़क पर गड्ढ़े और जल-भराव होने से लोगों को होने वाली परेशानियां रंग में भंग डाल सकती हैं।
इधर, तैयारियों में जुटी रामलीला कमेटी चिंता में है कि रामलीला मैदान में साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, आवागमन सुचारू ढंग कैसे बहाल किया जाए। कमेटी के सदस्यों का कहना है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों से संपर्क साधा गया लेकिन किसी की तरफ से अभी तक कोई मदद नहीं मिली।
जबकि महाहर धाम रामलीला मैदान में आधा दर्जन गांवों के लोग रामलीला देखने जाते हैं। प्राचीन रामलीला कमेटी महाहर धाम के अध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया परिसर तक आने वाले मार्गों पर काफी मात्रा में अतिक्रमण होने तथा संबंधित विभाग के देख रेख नहीं करने के साथ सड़क ध्वस्त होने व जल जमाव की स्थिति बनी हुई है।