जिले में राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम को समारोहपूर्वक मनाने की तैयारी जोरशोर से चल रही है। इस अवसर पर नए मतदाताओं को बैज लगाकर और मतदाता पहचान पत्र का वितरण कर सम्मानित किया जाएगा।
मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही मतदाताओं को शपथ भी दिलाई जाएगी।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मतदाताओं को सम्मानित करने के लिए निर्वाचन कार्यालय में मतदाता पहचान पत्र एवं बैज उपलब्ध हो गए हैं।
शनिवार को सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव की देखरेख में विभागीय कर्मचारियों ने इसका मिलान किया। मालूम हो कि पुनरीक्षण अभियान के बाद जिले में 34324 मतदाता बढ़े हैं।
अब जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 1425038 पुरुष एवं 1190468 महिला एवं 99 अन्य सहित कुल 2615605 हो गई है।