-घटना की जानकारी होने पर मां और पत्नी भी गंगा में कूदने का करने लगी प्रयास,
-स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश करती रही पुलिस, युवक का नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के रामकरन सेतु से शनिवार को एक युवक मोबाइल से बात करते हुए गंगा में कूद गया। घटना स्थल पर राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूटी के नंबर के सहारे युवक की पहचान करने के साथ घटना की जानकारी परिजनों को दी। रोते- बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस स्थानीय गोताखोरोें की मदद से युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इधर घटना की जानकारी होने पर रोते- बिलखते पहुंची मां और पत्नी गंगा में कूदने का प्रयास करने लगी, तभी वहां मौजूद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और कोतवाली लेकर आए, जहां पुलिस उन्हें समझा-बुझाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
चंदौली जनपद के बलुआ थाना के पलिया गांव निवासी कन्हैया यादव (36) मुंबई में काम करता था। वह तीन दिन पूर्व घर आया था। स्कूटी लेकर वह दोपहर में सैदपुर गंगा पुल पर पहुंच गया। जहां रेलिंग के पास स्कूटी खड़ी कर किसी से मोबाइल पर बात करते हुए नदी में छलांग लगा दी। जब तक राहगीर शोर मचाते और नदी के किनारे खड़े मछुआरे युवक को बचाने का प्रयास करते, वह गंगा की तेज धारा में समा गया।
लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घरवालों को घटना के बारे में जानकारी दी। घटना स्थल पर रोते- बिलखते पहुंची मां कलावती और पत्नी संगीता भी गंगा में कूदने का प्रयास करने लगी, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और कोतवाली लेकर आए। घटना के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख-पुकार मची हुई थी।
इधर गांव और घर के अन्य लोग भी सैदपुर पहुंच गए। पुलिस ने समझा-बुझाकर पत्नी और मां को छोड़ दिया। इस संबंध में कोतवाल वंदना सिंह ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। युवक की मां और पत्नी समझा-बुझाकर छोड़ दिया गया है।