गेहूं की खरीद के लिए समर्थन मूल्य में साठ रुपये का इजाफा कर दिया गया है। इस वर्ष 1460 रुपये प्रति कुंतल की दर से खरीद की जाएगी। इसके लिए तैयारी जोरशोर से चल रही है। क्रय केंद्र प्रभारियों के पदनाम से अगले सप्ताह तक खाता भी खोल दिया जाएगा। खरीद के लिए जिले में पर्याप्त मात्रा में बोरे उपलब्ध हंै।
पहली अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होनी है लेकिन शासन की तरफ से अभी तक गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया हैै। अगले सप्ताह तक जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य तय हो जाएगा। खाद्य विपणन विभाग की तरफ से तैयारी तेज कर दी गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष समर्थन मूल्य में साठ रुपये की वृद्धि की गई है। आगामी गेहूं खरीद के लिए जिले में वर्तमान समय में चार लाख बोरे उपलब्ध हैं। इसके साथ ही प्रत्येक केन्द्र पर इलेक्ट्रानिक कांटा, नमी मापक यंत्र, दो जाली वाला छलना उपलब्ध है।
15 मार्च तक क्रयकेन्द्रों की स्थापना के शासन के निर्देश के क्रम में आधा दर्जन संस्थाओं की तरफ से 51 क्रयकेन्द्र खोलने का प्रस्ताव दिया गया। इसमें विपणन शाखा की ओर से 16, पीसीएफ की तरफ से 22, कर्मचारी कल्याण निगम 3, यूपीएसएस और एफसीआई की ओर से 2-2 तथा एनसीसीएफ ने 6 क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव दिया है। यूपी एग्रो और नेफेड की तरफ से अभी तक प्रस्ताव नहीं दिया गया है। इनके प्रस्ताव मिलने पर केन्द्रों की संख्या बढ़ जाएगी। 30 जून तक होने वाली खरीद के लिए शासन की ओर से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को खरीद अधिकारी नामित किया जा चुका है।