गाजीपुर। आदर्श बाजार के पास गाजीपुर-करंडा मार्ग पर अहिरपुरवा गांव के पास पालिका के कचरा जलाने से लोगों का हाल बुरा है। जल रहे कूड़े से निकल रहा जहरीला धुआं लोगों का दम घोट रहा है। साथ ही वातावरण को प्रदूषित भी कर रहा है। शिकायत के बावजूद अधिकारी लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। नगर के विभिन्न मुहल्लों से रोजाना हजारों मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है, जिसे नगर पालिका की ओर से गाजीपुर-करंडा मार्ग स्थित आदर्श बाजार के पास डंप किया जा रहा है। उसे नष्ट करने के लिए कर्मचारी इसमें आग लगा दे रहे हैं। ऐसे में कचरा सप्ताह तक धीरे-धीरे सुलगता जा रहा है। जबकि इससे निकलने वाला जहरीला धुआं वहां रहने वाले कम से कम पांच किलोमीटर की परिधि तक के लोगों को प्रभावित कर रहा है। यहीं नहीं खेतों पर भी इसका असर पड़ रहा है। धुएं के बाद गिरने वाली राख से फसलों के नष्ट होने का डर बना हुआ है। एक तरफ जहां आमजन कोरोना जैसी महामारी से दो-दो हाथ कर रहा है, वहीं कचरे और कूड़ों के जलने से निकल रहा धुआं ग्रामीणों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। यही नहीं सबसे अधिक परेशानी मार्ग से होकर आवागमन करने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों की ओर से कई बार शिकायत के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।