गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान विभिन्न विकासखंडों में स्थित गणना स्थलों के आसपास मेले जैसी स्थिति रही। कई प्रत्याशी एवं उनके एजेेंट मतगणना केंद्र में मौजूद थे। जबकि अन्य लोग बाहर खड़े होकर लाउडस्पीकर पर होने वाली घोषणा पर कान लगाए रहे। चौथे एवं अंतिम चरण में कराए गए मतदान की मतगणना रविवार को सुबह आठ बजे से अव्यवस्था के बीच शुरु हुई। जैसे-जैसे मतगणना का क्रम आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे बाहर समर्थकों की संख्या भी बढ़ती गई। दो बजते-बजते विभिन्न गणना स्थलों के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक एकत्र हो गए थे। सुबह कुछ समर्थकों ने गणना स्थल तक पहुंचना चाहा, जिन्हें पुलिस कर्मियों ने लौटा दिया। इस दौरान लोग चुनावी चर्चा में व्यस्त थे, लेकिन उनका दिमाग पूरी तरह से गणना पर लगा था। जैसे ही लाउडस्पीकर चालू हो रहा था, लोगों के कान खड़े हो जा रहे थे। लोग यह सुनने के लिए कि किसको कितना मत मिला है, अपना ध्यान पूरी तरह से लाउस्पीकर की आवाज की तरफ कर दे रहे थे। जिस प्रत्याशी की स्थिति अच्छी थी, उनके समर्थक तो खुश हो जा रहे थे, लेकिन जिस प्रत्याशी की स्थिति ठीक नहीं थी, उनके समर्थक मायूस दिखे।