जमानिया। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस के तहत प्रस्तावित पांच दिवसीय कार्यक्रम में शुक्रवार को महाविद्यालय के रोवर्स प्रभारी डाॅ. संजय कुमार सिंह संयोजकत्व में जल संरक्षण के लिए जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से गोष्ठी सह शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गोष्ठी में डाॅ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि हम जल बना नहीं सकते और इसके बिना जीवन की कल्पना ही नहीं की जा सकती। इसलिए हमें संकल्पित होकर जल बचाएं, जिससे हमारा कल बचा रहे। कार्यक्रम में प्रोफेसर अरुण कुमार ने कहा कि धरती पर कुल 71 प्रतिशत जल है। जिसका मात्र एक प्रतिशत पीने योग्य है। इससे भी हम जल की उपादेयता को समझ सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने कहा कि जल के बिना जीवन असंभव है। उन्होंने उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। शपथ कार्यक्रम में मनोज कुमार सिंह, राकेश चौबे, इंद्रभान सिंह, बलिराम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।