शहर के लंका स्थित भारद्वाज भवन पर आयोजित संयुुक्त किसान मोर्चा की बैठक में बोलते अखिल भारतीय कि
गाजीपुर। सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान 26 नवंबर को जिला मुख्यालय पर जुलूस निकाल कर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपेंगे।
यह फैसला शहर के लंका स्थित उत्तर प्रदेश किसान सभा के जिला कार्यालय भारद्वाज भवन पर सोमवार को आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में लिया गया। इसकी अध्यक्षता शशिकांत कुशवाहा ने की। इस दौरान मोर्चा ने किसानों की ज्वलंत समस्याओं और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों खिलाफ निर्णायक संघर्ष का भी एलान किया।
अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान सरकार की तरफ से किए गए वादे अभी तक पूरा नहीं हुए हैं। केंद्र व राज्य सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। यह वादा भी भी पूरा नहीं हो सका है। मौजूदा समय में किसान अपनी उपज का लाभकारी मूल्य पाने, खाद हासिल करने और अपनी फसलों को बर्बादी से बचाने के लिए दर-दर भटक रहा है। जिले के किसानों को पर्याप्त मात्रा में तत्काल डीएपी एवं यूरिया उपलब्ध कराने और आलू का समर्थन मूल्य 1700 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की।
जिले में बाढ़ और चक्रवाती तूफान से बर्बाद फसलों से पानी निकासी, सर्वे कराकर पीड़ित किसानों को तत्काल मुआवजा दिए जाने और धान की शत-प्रतिशत सरकारी खरीद की गारंटी सुनिश्चित कराने का मुद्दा उठाया। इन सभी मुद्दों को लेकर ऐतिहासिक किसान आंदोलन की बरसी पर 26 नवंबर को किसान सिटी रेलवे स्टेशन से जुलूस निकालकर सरजू पांडेय पार्क में सभा करेंगे।
अंत में राष्ट्रपति एवं केंद्र व राज्य सरकार को संबोधित मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। इसके बाद भी किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप देने की चेतावनी भी दी। इस मौके पर अखिल भारतीय किसान फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुभव दास शास्त्री, किसान महासभा के जिलाध्यक्ष मनोज कुशवाहा, प्रमोद कुशवाहा, अमरनाथ यादव, घुरा यादव, रामकेर यादव आदि मौजूद रहे।