गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों को ठंड से बचाने के लिए रूम हीटर लगाए जाएंगे। इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। वहीं मरीजों को पर्याप्त कंबल उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है। मरीजों के साथ वार्डों में रुकने वाले तीमारदारों के लिए रैन बसेरे की भी व्यवस्था की जाएगी। इससे ठंड के मौसम में उन्हें दिक्कत का सामना न करना पड़ा।
गोराबाजार स्थित 200 बेड के पुरुष अस्पताल और 300 बेड के नवनिर्मित अस्पताल के अलावा मिश्र बाजार स्थित 100 बेड के महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को ठंड से बचाव के लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ठोस कदम उठाना शुरू कर दिया है। प्रत्येक वार्ड में बेड की क्षमता के मुताबिक एक से दो रूम हीटर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही मरीजों को ओढ़ने के लिए दो- दो कंबल भी दिए जाएंगे, जिससे उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में रूम हीटर लगाए जाएंगे। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं मरीजों के लिए पर्याप्त कंबल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा तीमारदारों को रुकने के लिए रैन बसेरा भी स्थापित कराया जाएगा।