रिपोर्ट तक आंदोलन नहीं होगा उग्र, आज भी न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे
रजिस्ट्री कार्यालय के स्थानांतरण के विरोध में हड़ताल पर हैं अधिवक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। रजिस्ट्री दफ्तर स्थानांतरण के विरोध में संघर्ष समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को सिविल बार संघ के लाइब्रेरी हॉल में हुई। इस मौके पर अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया कि जिलाधिकारी द्वारा गठित जांच कमेटी की आख्या के इंतजार में आंदोलन उग्र न करते हुए छह जुलाई को भी न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
रजिस्ट्री दफ्तर स्थानांतरण को लेकर बीते 22 दिनों से अधिवक्ता हड़ताल पर है, जिससे न्यायिक प्रणाली पूरी तरह से ठप है। कोई अधिवक्ता न्यायालय में काम नहीं कर रहा है। अधिवक्ताओं के आंदोलन को देखते हुए बीते 30 जून को जिलाधिकारी ने रजिस्ट्री दफ्तर स्थानांतरण के संबंध में जांच कमेटी का गठन किया है और जांच कमेटी की आख्या आनी है।
बैठक में वक्ताओं ने रजिस्ट्री दफ्तर पहुंच कर वहां तालाबंदी करने और सचिवालय बंद कराने पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि अगर जिला प्रशासन रजिस्ट्री दफ्तर हस्तांतरण के बिंदु पर जांच और इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई के लिए कमेटी का गठन किया है तो उसका इंतजार करते हुए सोमवार तक आंदोलन उग्र नहीं किया जाएगा।
लेकिन जिला प्रशासन के सार्थक निर्णय तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इस मौके पर अधिवक्ता दयाशंकर यादव, मारुति राय, राजेश राय, राम प्रताप यादव, सिद्धनाथ राय,कलेक्ट्रेट बार संघ के महामंत्री मदन सिंह कुशवाहा ,सेंट्रल बार संघ के अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह और अन्य अधिवक्ता मौजूद थे।अध्यक्षता सिविल बार संघ के अध्यक्ष सुधाकर राय औरसंचालन महासचिव रतन जी श्रीवास्तव ने किया।