जिला निर्वाचन कार्यालय में ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर पर मतदान की प्रक्रिया करती युवती। स्रोत-
ईवीएम और वीवीपैट को लेकर मतदाताओं की शंकाएं दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों और जिला निर्वाचन कार्यालय सहित आठ केंद्रों पर मतदाताओं को ईवीएम की कार्यप्रणाली समझाई जा रही है। मतदाता खुद मशीन पर वोट डालकर मतदान प्रक्रिया का अनुभव भी कर रहे हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए स्थापित ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) पर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। वोट डालने के बाद वीवीपैट में दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से मतदाता अपने चुने गए प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न भी देख रहे हैं। अभियान का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को लेकर भ्रांतियां दूर करना और निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ाना है।