विधानसभा चुनाव में मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए हरसंभव तैयारियां की गई हैं। सोशल मीडिया के सहारे मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट की टीमें भी लोगों को जागरूक करेंगी। ये बातें जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को अमर उजाला से बातचीत में कहीं।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन आम चुनाव के विश्लेषण के आधार पर तैयारियां की जा रही हैं। इसमें जमानिया और मुहम्मदाबाद विधानसभा में वोट फीसदी कम रहा। दोनों विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष नजर है। अन्य विधानसभाओं में जिन बूथों पर मत प्रतिशत कम रहा है, उसकी सूची तैयार की गई है। यहां लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में एक लाख 38 हजार मतदाता बढ़े हैं। जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक है। इसके साथ ही वोटिंग को लेकर लिंगानुपात भी प्रति एक हजार पुरुष पर 832 महिला के मुकाबले 875 हो गया है। युवा और अन्य मतदाता भी बढ़े हैं। जिससे निश्चित तौर पर इस बार मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा और लक्ष्य है कि वो 70 फीसदी के आस-पास हो। फेसबुक, ट्वीटर पर वोटिंग की अपील की जाएगी। जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और बीएलओ को भी जागरूकता के काम में लगने का निर्देश दिया गया है। अभी जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट को ट्रेनिंग दिया जा रहा है। इनको बताया जा रहा है कि कैसे प्रचार किया जाना है और लोगों को मतदान के प्रति तैयार करना है। एक सेक्टर मजिस्ट्रेट को 10 से 12 बूथ दिया गया है। जिस पर वो प्रचार-प्रसार काम करेंगे। अधिसूचना जारी होने से पहले तक चार एलईडी वैन के जरिए सातों विधानसभाओं में लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का काम किया जा चुका है।
प्रत्येक बूथ पर कोविड हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। मतदान से पांच दिन पूर्व मतदाता पहचान पर्ची बांटी जाएगी। साथ ही जरूरत पड़ने पर जिन वोटरों का मोबाइल नंबर और मेल आइडी उपलब्ध होगा उनको डिजिटल रूप में भी मतदाता पहचान पर्ची उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
मतदान के लिए 25 को होगा शपथ कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिये 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर सात विधानसभा के सभी गांवों में मतदान के लिए शपथ का कार्यक्रम कराया जाएगा। इसमें कोविड प्रोटोकाल का पालन किया जाएगा। सभी रिटर्निंग अधिकारियों को आनलाइन जुड़ने के लिए कहा गया है। जिसमें लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ शपथ दिलाई जाएगी जिससे लोग मतदान के दिन बूथ पर जाएं।
चार एप बनाएंगी मतदान को आसान
मतदाताओं की सुविधा और मतदान को आसान बनाने के लिए चार एप बनाए गए हैं। नो योर कैंडिडेट एप पर उम्मीदवार के बारे में जानकारी मिलेगी। मतदान एप से उम्मीदवार और मतदान से संबंधित जानकारी मिलेगी, वोटर हेल्पलाइन एप से नाम और नंबर डालने पर बूथ पर वोटरों की संख्या, पुरुष और महिला मतदाताओं की जानकारी मिलेगी और पीडब्ल्यूडी एप से दिव्यांग जनों को सुविधा होगी।
क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथ चिह्नित
गाजीपुर। विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए रिटर्निंग आफिसरों ने क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदेय स्थलों को चिह्नित किया है। सात विधानसभा क्षेत्र में 1034 मतदेय स्थल क्रिटिकल और 139 वल्नरेबल की श्रेणी में हैं। सबसे ज्यादा क्रिटिकल बूथ 239 जहूराबाद में और सबसे कम सदर विधान क्षेत्र में 67 हैं। इसके अलावा जखनिया में 172, सैदपुर 103, जंगीपुर 90, मुहम्मदाबाद 146, जमानिया में 217 क्रिटिकल बूथ हैं। इसी तरह जखनिया में 11, सैदपुर 35, सदर दो, जंगीपुर नौ, जहूराबाद 41, मुहम्मदाबाद 26, जमानिया में 15 वल्नरेबल बूथ हैं। इसके अलावा सभी सात विस क्षेत्रों 515 वल्नरेबल वोटर चिन्हित किए गए हैं।