थाना क्षेत्र के मुबारकपुर कुदरतुल्लाह गांव में 27 जुलाई की शाम हुए कुसुम विश्वकर्मा हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। वारदात से ठीक पहले आरोपी पति रविकांत उर्फ हनी राम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट किया गया एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में आरोपी रविकांत उर्फ हनी ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी कुसुम उसके माता-पिता और भाई को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। उसका यह भी दावा है कि जमीन अपने नाम कराने के लिए परिवार पर मुकदमे का दबाव बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया गया है। वीडियो की सत्यता की पुष्टि पुलिस जांच और फॉरेंसिक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।