सेना भर्ती से लौट रहे युवकों ने औडि़हार जंक्शन और बाजार में मंगलवार को
जमकर बवाल किया। युवकों ने फल के ठेले पर पन सिर्फ लूटपाट की बल्कि उनकी ओर
से किए गए पथराव में एक युवक का सिर फट गया। मौके पर रेलवे सुरक्षा बल की
स्थानीय इकाई, जीआरपी, पीएसी और सैदपुर कोतवाल ने दलबल पहुंचकर स्थिति को
नियंत्रित किया। इसके चलते पूरे दिन जंक्शन और बाजार में लोग सहमे रहे।
छपरा
से वाराणसी जाने वाली 55133 अप सवारी गाड़ी के दिन में 10 बजे औडि़हार
जंक्शन पहुंचने पर उत्पाती युवकों ने घंटों स्टेशन और बाजार में हुड़दंग
किया। प्लेटफार्म नंबर-2 पर आ रही ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले
ही पूर्वी सिरे पर युवकों ने चेनपुलिंग कर ट्रेन रोक दी और शोर-शराबा करते
हुए युवक प्लेटफार्म और बाजार में हंगामा मचाते हुए घूमने लगे। कुछ युवकों
ने भीड़ में पत्थर उछाल दिया, जिससे भर्ती में आए बेलहा (धर्मशाला) गोरखपुर
के एक युवक का सिर फट गया।
साथियों ने औडि़हार बाजार में उसका उपचार
कराया। प्लेटफार्म नंबर-2 पर युवकों की भीड़ ने एक फल के ठेले से पपीता और
अंगूर उठा लिया। मौके पर मौजूद आरपीएफ और जीआरपी के सिपाहियों ने युवकों को
समझाकर कुछ सामान वापस कराया। बाजार में पहुंचे युवक जब हो-हल्ला करने लगे
तो प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामचंद्र भारती दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
उधर स्टेशन पर जीआरपी के चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र पाठक, आरपीएफ के प्रभारी
निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, जीआरपी आहूत टीम और स्टेशन परिसर में
प्लेटफार्म नबंर-1 पर कैंप कर रहे पीएसी के जवानों के साथ जगह-जगह पहुंचकर
युवकों को समझा-बुझाकर नियंत्रित किया।
युवकों के शोर और हंगामे से देर शाम
तक जंक्शन और बाजार के लोग सहमे रहे। उधर दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर
वाराणसी से भटनी जाने वाली सवारी गाड़ी में सवार सेना भर्ती में भाग लेकर
लौट रहे युवकों ने कई बार ट्रेन की चेनपुलिंग की। इस दौरान स्टेशन पर उतर
रही एक महिला को युवकों ने उतरने नहीं किया। जब इस बात की जानकारी
थानाध्यक्ष ग्यासुद्दीन को हुई तो वह हमराहियों संग मौके पर पहुंचे और
महिला को ट्रेन से नीचे उतरवाया। रेलवे फाटक के पास उतरकर युवकों ने सवारी
गाड़ी पर पथराव किया।