मरदह क्षेत्र के जागोपुर गांव में वर्षों से एक दर्जन परिवारों के घर के सामने गंदे पानी की निकासी की समस्या है। नाली का निर्माण न होने से चारो तरफ गंदगी का अंबार लगा है। जागोपुर मौजा के बगल में स्थित एक बस्ती के घरों के पास नाली नहीं होने के कारण मुख्य मार्ग पर घरों का गंदा पानी वर्षों से बह रहा है। प्रतिदिन रास्ते से सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। लोगों ने इसकी शिकायत गांव से लेकर ब्लाक मुख्यालय के जिम्मेदार लोगों से कई बार की लेकिन किसी ने इसकी सुधि नहीं ली। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने शनिवार को संबंधित के खिलाफ घंटों नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
गांव के रामजी शर्मा, अशोक शर्मा, कमला शर्मा, रामजीत शर्मा, जितेंद्र शर्मा, हर्षनारायण शर्मा, संध्या देवी, बागेश्वरी देवी, कमलावती देवी, ममता देवी, राधिका देवी ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि कई बार प्रमुख, खंड विकास अधिकारी, सचिव, ग्राम प्रधान को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया लेकिन किसी ने सुधि नहीं लिया। अगर जल्द से जल्द समस्या का समाधान नहीं ब्लाक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। मौके पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी यशवंत राव ने आश्वासन दिया कि जल्द नाली का निर्माण कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।