जमानिया। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम उधरनपुर में तीन-चार महीने से राशन न मिलने के विरोध में कार्डधारकों ने राशनकार्ड एवं पर्ची लेकर शनिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
कार्डधारक सोनी, उर्मिला, परमशीला आदि ने आरोप लगाया कि उचित दर विक्रेता ने तीन-चार महीने से राशन नहीं दिया है। जबकि तीन-चार दिन तक अंगूठा लगवाते हैं तथा पर्ची दे देते हैं। जब हम सभी राशन लेने जाते हैं तो प्रतिदिन टालमटोल करते हैं। सिर्फ कुछ ही लोगों को राशन दिया जाता है शेष को हमेशा परेशान किया जाता है। इस संबंध में ग्राम प्रधान से इसकी शिकायत की गई तो राशन बंटवाने का सिर्फ आश्वासन मिला लेकिन कुछ भी लाभ नहीं हुआ। कार्डधारकों ने एसडीएम से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।