स्थानीय विकासखंड के सिपाह ग्राम पंचायत में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें कुल 36 शिकायतें आईं, इसमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
ग्राम विकास अधिकारी धनंजय कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार के द्वारा आयोजित ग्राम चौपाल खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद की अध्यक्षता में लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गई। इस चौपाल में कुल 205 ग्रामाणी उपस्थित रहे। चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों को नाली, खड़ंजा, आवास, शौचालय, मनरेगा, पशुपालन के साथ कृषि तकनीकी पर विशेष सरकार की योजनाओं से अवगत कराया। खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद ने कहा कि चौपाल के माध्यम से लोग अपनी समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होने कहा कि चौपाल में कुल 36 शिकायतें मिली। जिसमें मौके पर 34 का निस्तारण कर दिया गया। दो शिकायतें राजस्व विभाग की थी। जो बाद में निस्तारित कराया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विमला देवी ने कहा कि ऐसी चौपाल से गांव की समस्या तत्काल निस्तारित हो जा रही हैं। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद, सहायक विकास अधिकारी पंचायत धनंजय यादव, ग्राम विकास अधिकारी धनंजय कुमार, सहायक विकास अधिकारी कृषि उदयभान मौर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।