कासिमाबाद खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर नाली निर्माण को लेकर धरना प्रदर्शन करते सोनबरसा गांव के
कासिमाबाद। स्थानीय विकासखंड के ग्राम पंचायत सोनबरसा के ग्रामीणों ने नाली निर्माण के साथ पानी निकासी की मांग को लेकर मंगलवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। शाम तक चल रहे प्रदर्शन के दौरान नेतृत्व कर रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य ओमप्रकाश यादव ने अपने मांग पत्र में बताया कि एक अगस्त को जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्या को रखा गया था। उसके बाद तीन अगस्त को उप जिलाधिकारी से मिलकर नाली निर्माण से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया गया। चार अगस्त को धरना-प्रदर्शन कर समस्या को रखा गया। एसडीएम ने आश्वासन दिया था कि मौके पर चलकर निस्तारण करा दिया जाएगा लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकाला गया।
उन्होंने बताया कि जहां नाली का पानी गिराना है वह जमीन आबादी और गढ़ही की है। गांव के चार-पांच दबंग लोगोंं ने उस जमीन को अपने कब्जे में ले लिया है। आबादी और गढ़ही की भूमि पर वर्तमान समय में जो अवैध कब्जा किया गया है उसको खाली कराने के साथ पानी निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग की। जिलाधिकारी ब्लॉक के सभागार में शाम को करीब 6:15 बजे पहुंचे थे लेकिन समाचार लिखे जाने तक धरनारत लोगों से उनकी बात नहीं हो पाई थी। प्रदर्शन में अर्जुन चौहान, बृजेश, शिवमुनि, मनोज चौहान, मुन्ना चौहान, सुनील चौहान, लल्लन चौहान, गुलाब चौहान, मीना देवी, हेमवंती देवी, लालजी, सोनी आदि मौजूद रहे।